

काशीपुर:
काशीपुर स्थित एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य विभाग के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत डॉक्टरों की ग्रामीण शिविरों में ड्यूटी लगाए जाने से नियमित ओपीडी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। महिला रोग विशेषज्ञ की शिविर में ड्यूटी लगा दिए जाने के कारण अस्पताल में इलाज कराने पहुंची दर्जनों महिला मरीजों को घंटों इंतजार के बाद बिना इलाज कराए ही मायूस होकर वापस लौटना पड़ा।
दूर-दराज से पहुंचीं महिलाओं में भारी रोष
मझरा निवासी नसीमा, दुर्गापुर की जानकी कौर, कुमाऊं कॉलोनी की जाहिदा और अलवी की निशां ने अपनी नाराजगी जताते हुए बताया कि वे सुबह 8 बजे से ही अस्पताल पहुंचकर कतार में खड़ी थीं। घरेलू कामकाज छोड़कर और किराया खर्च कर अस्पताल पहुंचने के बाद करीब 11:30 बजे उन्हें जानकारी दी गई कि महिला डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं। महिला मरीजों का कहना था कि वे अपनी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के संबंध में केवल महिला चिकित्सक से ही परामर्श लेना सहज समझती हैं, ऐसे में डॉक्टर की गैरमौजूदगी से उन्हें काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।
वैकल्पिक व्यवस्था की उठी मांग
अस्पताल में नियमित ओपीडी प्रभावित होने से स्थानीय निवासियों और मरीजों में स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जब भी किसी डॉक्टर की शिविर में ड्यूटी लगाई जाए, तो अस्पताल में मरीजों की सहूलियत के लिए वैकल्पिक चिकित्सक की अनिवार्य तैनाती की जानी चाहिए। साथ ही जिस डॉक्टर की ड्यूटी शिविर में हो, पर्चा काउंटर पर उनके नाम का पर्चा न काटा जाए ताकि मरीजों का समय बर्बाद न हो।
सीएमओ का पक्ष:
मामले में मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी का कहना है कि वर्तमान में सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों को भेजा जा रहा है। इसके कारण अस्पताल की ओपीडी में अस्थायी रूप से कुछ परेशानी आ रही है, जिसे जल्द दुरुस्त किया जाएगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
👉 न्यूज अपडेट पाने के लिए 8218146590, 9758935377 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें




Subscribe to my channel
More Stories
पहाड़ों में बदलेगी खेती की सूरत: पंतनगर यूनिवर्सिटी ने जारी की 28 उन्नत किस्में, किसानों की दोगुनी होगी आय
कबड्डी के चैंपियन बने MBPG कॉलेज के धुरंधर: फाइनल में काशीपुर को 11 अंकों से चटाई धूल
काशीपुर महाराणा प्रताप चौक ROB पर यातायात ठप: दरारें और सरिया बाहर आने के बाद NHAI ने बदला पुराना ज्वाइंट