

कार रोड चौराहे पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया,
23 नवंबर, लालकुआं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बिंदुखत्ता आगमन के दौरान राजस्व गांव के मुद्दे पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए भाकपा माले और अखिल भारतीय किसान महासभा के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री से राजस्व गांव के मुद्दे पर जवाब मांगने के लिए कार्यकर्ता कार रोड चौराहे पर एकत्र हुए, जहां पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने “राजस्व गांव क्यों नहीं, मुख्यमंत्री जवाब दो”, “राजस्व गांव लेकर रहेंगे”, “अंकिता भंडारी को न्याय दो” और “वीआईपी को बचाना बंद करो” जैसे नारे लगाते हुए सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।
भाकपा माले के नैनीताल जिला सचिव डॉ. कैलाश पाण्डेय ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की जायज मांग उठाने वालों पर पुलिसिया तानाशाही लाद रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को बिंदुखत्ता आने से पहले यह स्पष्ट करना चाहिए था कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने अब तक बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने के लिए क्या प्रगति की है। हर विधानसभा चुनाव में भाजपा को बिंदुखत्ता राजस्व गांव के मुद्दे पर जनता का समर्थन मिलता रहा है, लेकिन राज्य में दस वर्षों से भाजपा की सरकार होने और पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री बने छह वर्ष बीतने के बावजूद इस दिशा में एक इंच भी प्रगति नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि कई बार घोषणाएं होने के बावजूद बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा क्यों नहीं दिया जा रहा है, इसका जवाब मुख्यमंत्री को क्षेत्र की जनता के सामने देना चाहिए।
किसान महासभा की बिंदुखत्ता अध्यक्ष विमला पाल रौथाण और सचिव किशन बघरी ने कहा कि भाजपा सरकार राजस्व गांव के मुद्दे पर जनता को गुमराह करना बंद करे। उन्होंने मांग की कि विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर वन भूमि को राजस्व भूमि में हस्तांतरित करने का प्रस्ताव पारित किया जाए और केंद्र सरकार से अनापत्ति प्राप्त कर विधानसभा चुनाव से पहले राजस्व गांव बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि मुख्यमंत्री से जवाब मांगने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि बीती 15 नवंबर को देहरादून में मुख्यमंत्री आवास कूच कर ज्ञापन दिया गया था। आंदोलन के अगले चरण में स्थानीय प्रशासन को ठप करने का प्रयास किया जाएगा। इसके बावजूद यदि बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा नहीं मिलता है तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में राजस्व गांव से वंचित आबादी भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का काम करेगी।
ये रहे प्रदर्शन में शामिल
विरोध प्रदर्शन में भाकपा माले के नैनीताल जिला सचिव डॉ. कैलाश पाण्डेय, किसान महासभा की बिंदुखत्ता अध्यक्ष विमला पाल रौथाण, सचिव किशन बघरी, आइसा जिलाध्यक्ष धीरज कुमार, नैन सिंह कोरंगा, कमल जोशी, निर्मला शाही, गोविंद जीना, अंबा दत्त बसखेती, त्रिलोक राम, दौलत सिंह, त्रिलोक सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
👉 न्यूज अपडेट पाने के लिए 8218146590, 9758935377 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें




Subscribe to my channel
More Stories
श्रीनगर गढ़वाल में बैकुंठ चतुर्दशी मेले का आगाज: सीएम धामी ने स्टॉल पर पीसा नमक, कमलेश्वर महादेव में की पूजा-अर्चना
बिना ओटीपी के खाली हो सकता है बैंक खाता, साइबर सेल ने दी ‘एडवांस प्रोटेक्शन’ सेटिंग ऑन करने की सलाह
बोर्ड परीक्षार्थियों को धामी सरकार का डिजिटल तोहफा: 1.15 लाख छात्रों को जल्द मिलेंगे मुफ्त टैबलेट, 230 करोड़ का बजट तैयार