

पौड़ी गढ़वाल। जनपद के रिखणीखाल विकासखंड अंतर्गत शनिवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। रिखणीखाल-सतपुली मार्ग पर कलवाड़ी गांव के समीप एक ईको वैन बेकाबू होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में वाहन चालक सहित कुल नौ लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है, जिनमें आठ महिलाएं शामिल हैं।
बैंक कार्य निपटाकर घर लौट रही थीं महिलाएं
प्राप्त विवरण के मुताबिक, रिखणीखाल ब्लॉक के कोटनाली भंगलवाण क्षेत्र की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं बैंक से जुड़ा कामकाज पूरा करने सिद्धखाल गई थीं। वापसी के समय जब वे वैन से अपने गांव लौट रही थीं, तभी कलवाड़ी के पास वाहन अनियंत्रित हो गया और खाई में जा गिरा। बताया जा रहा है कि वैन में लगभग 14 लोग सवार थे। हादसे में घायल एक महिला ने रिखणीखाल अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ गई। मृतकों में भंगलवाण निवासी चालक अनिल देवराड़ा और आठ महिलाएं शामिल हैं। अन्य घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश ले जाने की प्रक्रिया की जा रही है।
ग्रामीणों व प्रशासन ने संभाला मोर्चा
हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और सबसे पहले स्थानीय ग्रामीणों ने खाई में उतरकर बचाव कार्य शुरू किया। कुछ ही देर में रिखणीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार से प्रशासनिक व पुलिस अमला घटनास्थल पर पहुंचा। लैंसडौन की एसडीएम शालिनी मौर्य भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस, राजस्व टीम और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयासों से घायलों को बाहर निकालने और शवों को खाई से निकालने का अभियान चलाया गया। घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताई संवेदना
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कलवाड़ी सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति की कामना की है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने और गंभीर घायलों को जरूरत पड़ने पर एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर भेजने के निर्देश दिए हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
👉 न्यूज अपडेट पाने के लिए 8218146590, 9758935377 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें




Subscribe to my channel
More Stories
सिल्क्यारा रेस्क्यू की वर्षगांठ पर उत्तराखंड में पहला आपदा प्रबंधन दिवस, 13 जिलों में मेगा मॉक ड्रिल
मथुरा में गौ विज्ञान और पशु आयुर्वेद को नई उड़ान: सीएम धामी ने किया कई प्रकल्पों का लोकार्पण व शिलान्यास
पंद्रह साल बाद जागा दारमा वैली का ड्रीम प्रोजेक्ट! बिना बांध बने तैयार होगी 203 मेगावाट बिजली, जानें पूरी योजना