

देहरादून। उत्तराखंड सरकार के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम में सरकार के कार्यों का विस्तृत ‘रिपोर्ट कार्ड’ जारी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण और किसान कल्याण सहित तमाम क्षेत्रों की उपलब्धियों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखा और 2047 तक आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाने का संकल्प दोहराया।
रोजगार और कौशल विकास: 36 हजार को सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते पांच वर्षों में पारदर्शी तरीके से 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। युवाओं को वैश्विक स्तर पर रोजगार के अवसर दिलाने के लिए 158 केंद्रों पर जर्मन और जापानी भाषा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसके तहत अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिल चुका है। इसके अलावा, 11 हजार छात्र-छात्राओं को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग से जोड़ने की प्रक्रिया भी जारी है।
शिक्षा में नया मुकाम: देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बना उत्तराखंड
शिक्षा के क्षेत्र में राज्य की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP) लागू करने वाला देश का पहला और पूर्ण साक्षरता हासिल करने वाला छठा राज्य बन गया है। वर्तमान में 21 हजार से अधिक छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ मिल रहा है, वहीं देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी का निर्माण तेजी से चल रहा है।
नारी शक्ति का उत्थान: 3.10 लाख से अधिक ‘लखपति दीदी’
महिला सशक्तीकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए सीएम धामी ने कहा कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। प्रदेश में अब तक 3.10 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है, जबकि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के माध्यम से स्थानीय उत्पादों की बिक्री 6 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है। नंदा गौरा योजना से अक्टूबर 2026 तक 4 लाख से अधिक बेटियां लाभान्वित हुई हैं।
किसान कल्याण और पलायन पर लगाम
- किसानों को संबल: 8 लाख से अधिक किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 3,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली है। मंडुआ का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5,200 रुपये प्रति कुंतल तय किया गया है और पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान है।
- आवास और पलायन रोकथाम: पीएम आवास योजना के तहत शहरी क्षेत्र में 53 हजार से अधिक और ग्रामीण क्षेत्र में 39,815 परिवारों को घर मिला है। जल्द ही ग्रामीण क्षेत्रों में 50 हजार नए आवास बनेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के जरिए 6,500 से अधिक प्रवासियों की अपने गांवों में वापसी हुई है।
- सामाजिक सुरक्षा: लगभग 10 लाख लाभार्थियों को हर महीने 148 करोड़ रुपये की पेंशन सीधे उनके खातों (DBT) में भेजी जा रही है, साथ ही अंत्योदय परिवारों को साल में तीन मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा दी जा रही है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
👉 न्यूज अपडेट पाने के लिए 8218146590, 9758935377 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें




Subscribe to my channel
More Stories
ब्रेकिंग न्यूज: *ईवीएम एवं वीवीपैट जागरूकता अभियान शुरू*! पढ़ें ~ विधानसभा चुनाव तैयारी अपडेट…
जंगल बचाओ, हर साल 10 हजार पाओ: मेघालय के ‘ग्रीन मॉडल’ से संवरेंगे उत्तराखंड के धारा-नौले, चम्पावत की समितियां सीख रहीं कमाई और संरक्षण का फॉर्मूला
ढिकाला जोन में सफारी हुई सख्त: ड्रोन से हो रही निगरानी, नियम तोड़े तो 15 दिन के लिए बैन होगी जिप्सी