

उत्तरकाशी/देहरादून: उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना (रीप) के अंतर्गत गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर विकासखंड चिन्यालीसौड़ के नगुण बैरियर के पास स्थापित नई वे-साइड ईटरी का विधिवत उद्घाटन किया। ‘हिमालयन भोजनालय’ के नाम से शुरू हुए इस आधुनिक भोजनालय का संचालन ‘सीता स्वयं सहायता समूह’ की स्थानीय महिलाओं द्वारा किया जा रहा है।
यात्रियों और स्थानीय लोगों से मिल रहा अच्छा प्रतिसाद
उद्घाटन के अवसर पर मुख्य सचिव ने समूह की महिलाओं से संवाद कर उनके कामकाज और आय के बारे में जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि गंगोत्री हाईवे पर स्थित पुलिस बैरियर के पास वाहन रुकने से यात्रियों की आवाजाही बनी रहती है। इसके अलावा, पास में ही पार्क होने के कारण शाम को टहलने आने वाले स्थानीय नागरिक भी यहां पारंपरिक भोजन और स्नैक्स का स्वाद लेने पहुंचते हैं, जिससे उन्हें नियमित और अच्छी आमदनी हो रही है।
बैंक ऋण से मिली शुरुआत, अब मिल रहे बड़े आयोजनों के ऑर्डर
समूह की सदस्यों ने बताया कि रीप परियोजना के मार्गदर्शन और सहयोग से मिले बैंक ऋण की बदौलत वे अपना यह उद्यम स्थापित कर पाई हैं। अब यह भोजनालय न केवल राहगीरों की पसंद बन रहा है, बल्कि महिलाओं को बड़े समारोहों और आयोजनों के लिए कैटरिंग के ऑर्डर भी मिलने लगे हैं। महिलाओं ने उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के इस अवसर के लिए राज्य सरकार और परियोजना का आभार जताया।
प्रदेशभर में ‘हिमालयन भोजनालय’ ब्रांड से खुल रहे केंद्र
रीप के परियोजना प्रबंधक ने जानकारी दी कि राज्यभर में इस तरह की वे-साइड ईटरी विकसित की जा रही हैं और सभी को एक समान पहचान देने के लिए ‘हिमालयन भोजनालय’ नाम दिया गया है। इसका मुख्य लक्ष्य पर्यटकों व यात्रियों को शुद्ध पहाड़ी एवं स्थानीय व्यंजन परोसना और ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को सुदृढ़ करना है। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा उपयुक्त स्थानों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है।
महिला सशक्तीकरण पर सरकार का जोर: मुख्य सचिव
इस मौके पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त और स्वावलंबी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार के ऐसे प्रभावी मॉडल्स से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, मुख्य विकास अधिकारी राहुल आनंद, डीडीओ वेद प्रकाश, डीपीएम रीप कपिल उपाध्याय समेत अन्य अधिकारी व समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
👉 न्यूज अपडेट पाने के लिए 8218146590, 9758935377 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें




Subscribe to my channel
More Stories
एडवेंचर टूरिज्म को नई उड़ान: 66 राइडर्स के साथ शुरू हुआ हिमालयन MTB चैलेंज-2026, कैबिनेट मंत्री ने दिखाई हरी झंडी
उत्तराखंड के इंफ्रास्ट्रक्चर को संवारने का प्लान तैयार: UNDESA की कार्यशाला में ‘स्मार्ट लक्ष्यों’ के साथ परिसंपत्तियों के रखरखाव पर जोर
पीएम मोदी से मिले सीएम धामी: उत्तराखंड में नए वेडिंग डेस्टिनेशन, आध्यात्मिक कॉरिडोर और एक्सप्रेस-वे समेत कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर हुई चर्चा